आस्था का ऑनलाइन कारोबार: सस्ते के चक्कर में कहीं नकली रत्न तो नहीं खरीद रहे आप?
आस्था का ऑनलाइन कारोबार: सस्ते के चक्कर में कहीं नकली रत्न तो नहीं खरीद रहे आप?
जब सर्टिफिकेट में न पता हो, न फोन नंबर – तो भरोसा किस पर करें?
आज के डिजिटल युग में इंटरनेट ने हर चीज़ को हमारी उंगलियों तक पहुँचा दिया है। पूजा-पाठ, ज्योतिष और आध्यात्मिक वस्तुएँ भी अब बड़े पैमाने पर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक रही हैं। आज यदि कोई व्यक्ति रुद्राक्ष, माला, यंत्र, नवरत्न या ज्योतिषीय रत्न खरीदना चाहता है तो वह कुछ ही मिनटों में मोबाइल के माध्यम से ऑर्डर कर सकता है। हजारों वेबसाइट और ऐप दावा करते हैं कि उनके पास “ओरिजिनल और लैब सर्टिफाइड” आध्यात्मिक वस्तुएँ उपलब्ध हैं। हर प्रोडक्ट के साथ एक रिपोर्ट कार्ड या सर्टिफिकेट भी दिखाया जाता है, जिसे देखकर ग्राहक को विश्वास हो जाता है कि वह असली वस्तु खरीद रहा है। लेकिन क्या कभी किसी ने इस रिपोर्ट कार्ड की सच्चाई जानने की कोशिश की है?
अगर ध्यान से देखा जाए तो इन रिपोर्ट कार्डों पर अक्सर सिर्फ किसी लैब का नाम लिखा होता है, लेकिन उस लैब का पूरा पता, मोबाइल नंबर या संपर्क जानकारी स्पष्ट नहीं होती। कई बार तो सिर्फ एक आकर्षक नाम छाप दिया जाता है और ग्राहक मान लेता है कि यह किसी प्रमाणित प्रयोगशाला की रिपोर्ट है। कुछ रिपोर्ट कार्डों पर अगर पता या फोन नंबर लिखा भी होता है तो जब उस नंबर पर कॉल किया जाता है तो या तो नंबर लगता नहीं है या वह गलत निकलता है। कई बार दिए गए पते भी सही नहीं होते। इससे यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर यह सर्टिफिकेट किस लैब ने जारी किया और उसकी विश्वसनीयता क्या है।
ऑनलाइन बाज़ार में आज हर प्रकार की ज्योतिष और आध्यात्मिक वस्तुएँ बेची जा रही हैं। इनमें विभिन्न प्रकार के रुद्राक्ष जैसे एकमुखी, दोमुखी, तीनमुखी, चारमुखी, पंचमुखी, छहमुखी, सातमुखी, आठमुखी, नौमुखी, दसमुखी, ग्यारहमुखी, बारहमुखी, तेरहमुखी और चौदहमुखी रुद्राक्ष शामिल हैं। इसके अलावा मालाओं की भी अनेक श्रेणियाँ उपलब्ध हैं, जैसे तुलसी माला, रुद्राक्ष माला, चंदन माला, लाल चंदन माला, स्फटिक माला, कमलगट्टा माला, वैजयंती माला, मोती माला, मूंगा माला, हकीक माला, हल्दी माला, बोधि बीज माला और नवग्रह माला। इसी तरह यंत्रों में श्री यंत्र, कुबेर यंत्र, नवग्रह यंत्र, महा मृत्युंजय यंत्र, बगलामुखी यंत्र, लक्ष्मी यंत्र, सरस्वती यंत्र और वास्तु यंत्र जैसे कई प्रकार के यंत्र ऑनलाइन बेचे जा रहे हैं।
यदि रत्नों की बात करें तो ज्योतिष में नवरत्न बहुत प्रसिद्ध हैं। इनमें माणिक (रूबी), मोती (पर्ल), मूंगा (कोरल), पन्ना (एमराल्ड), पुखराज (येलो सैफायर), हीरा (डायमंड), नीलम (ब्लू सैफायर), गोमेद (हैसोनाइट) और लहसुनिया (कैट्स आई) शामिल हैं। इन रत्नों के अलावा इनके उपरत्न या सब्स्टीट्यूट स्टोन भी बाजार में बड़ी संख्या में मिलते हैं, जैसे सुनैला, फिरोज़ा, लाजवर्त, गार्नेट, अमेथिस्ट, कार्नेलियन, अवेंचुरिन, ओनेक्स, टोपाज़ और कई अन्य जेमस्टोन। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इन सभी वस्तुओं को “असली और प्रमाणित” बताकर बेचा जाता है और साथ में एक आकर्षक रिपोर्ट कार्ड भी दिया जाता है।
लेकिन असली सवाल यह है कि क्या हर रिपोर्ट कार्ड वास्तव में विश्वसनीय होता है? बहुत बार देखा गया है कि सस्ते दाम के लालच में लोग ऑनलाइन से खरीद लेते हैं और बाद में पता चलता है कि वस्तु की गुणवत्ता उतनी अच्छी नहीं है जितनी बताई गई थी। कई मामलों में रत्न या रुद्राक्ष लोकल या सिंथेटिक भी निकल जाते हैं। वहीं दूसरी ओर जब ग्राहक लोकल दुकानदार के पास जाता है तो उसे कीमत थोड़ी अधिक लगती है, इसलिए वह सोचता है कि ऑनलाइन सस्ता मिल रहा है तो वहीं से खरीद लिया जाए।
लोकल बाजार की अपनी एक अलग विश्वसनीयता होती है। स्थानीय दुकानदार रोज उसी जगह पर बैठता है और उसकी पहचान उसके व्यापार से जुड़ी होती है। अगर वह किसी ग्राहक को गलत वस्तु देता है तो उसकी प्रतिष्ठा पर सीधा असर पड़ता है। इसलिए अधिकतर दुकानदार कोशिश करते हैं कि ग्राहक को सही जानकारी और बेहतर गुणवत्ता की वस्तु दी जाए। ग्राहक भी उनसे सीधे सवाल कर सकता है, वस्तु को हाथ में लेकर देख सकता है और जरूरत पड़ने पर बाद में भी दुकान पर जाकर बात कर सकता है।
इसके साथ एक और महत्वपूर्ण बात समझना जरूरी है। ज्योतिष और आध्यात्मिक दृष्टि से रुद्राक्ष, रत्न, नवरत्न या रोज़ क्वार्ट्ज़ माला केवल सजावट की वस्तु नहीं होते, बल्कि इन्हें धारण करने के पीछे ग्रह और नक्षत्रों का गहरा संबंध माना जाता है। जब कोई व्यक्ति अपनी जन्म कुंडली, ग्रह और नक्षत्र के अनुसार सही और ओरिजिनल रत्न या रुद्राक्ष धारण करता है, तब माना जाता है कि वह ग्रहों की ऊर्जा को संतुलित करने में मदद करता है। कई ज्योतिषाचार्यों का मानना है कि सही रत्न या माला व्यक्ति के कमजोर ग्रहों को मजबूती देने और उग्र ग्रहों की तीव्रता को शांत करने में सहायक हो सकती है।
उदाहरण के लिए यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में कोई ग्रह कमजोर है तो उससे संबंधित रत्न या माला धारण करने की सलाह दी जाती है, ताकि उस ग्रह की सकारात्मक ऊर्जा बढ़ सके। वहीं यदि कोई ग्रह अधिक उग्र प्रभाव दे रहा हो तो कुछ विशेष आध्यात्मिक उपाय और वस्तुएँ उसे संतुलित करने में सहायक मानी जाती हैं। लेकिन यह प्रभाव तभी संभव माना जाता है जब वह रत्न, रुद्राक्ष या माला वास्तव में असली और शुद्ध हो। यदि वस्तु नकली या निम्न गुणवत्ता की हो तो उसका आध्यात्मिक या ज्योतिषीय प्रभाव भी उतना प्रभावी नहीं माना जाता।
इसलिए जरूरी है कि जब भी कोई व्यक्ति रुद्राक्ष, माला, यंत्र या ज्योतिषीय रत्न खरीदे तो सिर्फ सस्ते दाम को देखकर निर्णय न ले। रिपोर्ट कार्ड को ध्यान से पढ़े, उस पर दिए गए लैब के बारे में जानकारी जुटाए, और यदि संभव हो तो विश्वसनीय स्रोत से ही वस्तु खरीदे। आध्यात्मिक और ज्योतिषीय वस्तुएँ केवल व्यापार नहीं बल्कि विश्वास और आस्था से भी जुड़ी होती हैं। इसलिए समझदारी इसी में है कि खरीदारी करने से पहले ठंडे दिमाग से सोचें, जांच-पड़ताल करें और फिर निर्णय लें।
क्योंकि अंत में सवाल सिर्फ पैसे का नहीं होता, बल्कि उस विश्वास का होता है जो हम किसी वस्तु के साथ जोड़ते हैं।
शुभोधुती कुमार मंडल
संपादक – वर्ल्ड मीडिया न्यूज़

