खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे जिले में खुशी का माहौल है
खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे जिले में खुशी का माहौल है
रुद्रपुर। देहरादून में आयोजित उत्तराखंड राज्य स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में उधम सिंह नगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। देहरादून स्थित माउंट लिटरा ज़ी स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में पूरे उत्तराखंड से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया।
राज्य के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले, लेकिन उधम सिंह नगर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए और जिले का गौरव बढ़ाया।
जिले के कोच मोहम्मद हसन खान ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 वर्ष आयु वर्ग के 45 किलोग्राम भार वर्ग में अनिका चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं अभियुदित , प्रतीक, योगेश और संजय ने भी अपने-अपने वर्गों में शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
इसके अतिरिक्त अकरम ने रजत पदक प्राप्त किया, जबकि मुनज्जाह खान, मानव, ऋषिकेश, इब्राहिम, परीक्षित और प्रियांशु ने कांस्य पदक जीतकर जिले की झोली पदकों से भरी।
इस प्रतियोगिता में टीम मैनेजर हरीश चौधरी की भूमिका भी सराहनीय रही, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे जिले में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कोच मोहम्मद हसन खान ने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि लगातार अभ्यास और सही मार्गदर्शन के कारण ही यह सफलता संभव हो पाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों के परिजनों, खेल संगठनों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दीं।

