कुमायूं युवा प्रेस क्लब ने धूमधाम से मनाई लौह पुरुष सरदार पटेल जयंती

कुमायूं युवा प्रेस क्लब ने धूमधाम से मनाई लौह पुरुष सरदार पटेल जयंती

रुद्रपुर। लौह पुरुष एवं भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर कुमायूं युवा प्रेस क्लब की ओर से आवास विकास स्थित मीडिया ग्रुप कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के अध्यक्ष सौरभ गंगवार, संरक्षक कमल श्रीवास्तव तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरबाज सिंह द्वारा संयुक्त रूप से सरदार पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर सभी उपस्थित जनों ने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में बोलते हुए अध्यक्ष सौरभ गंगवार ने कहा कि सरदार पटेल भारतीय इतिहास की ऐसी विभूति हैं जिन्होंने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रप्रेम से भारत की एकता को सशक्त किया। आज आवश्यकता है कि युवा वर्ग उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करे तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी अपने महानायकों को भूलती जा रही है, जबकि देश को आगे बढ़ाने के लिए हमें उनके पदचिह्नों पर चलना होगा।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरबाज सिंह ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आने वाली पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यदि आज भारत एक अखंड राष्ट्र के रूप में खड़ा है तो इसका श्रेय सरदार पटेल की दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व को जाता है।

संरक्षक कमल श्रीवास्तव ने सरदार पटेल के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा करते हुए कहा कि “सरदार” की उपाधि उन्हें बारडोली सत्याग्रह के दौरान मिली थी, जब उन्होंने किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए नेतृत्व किया और अंग्रेजी सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद यह उपाधि सदा के लिए उनके नाम के साथ जुड़ गई। उन्होंने बताया कि खेड़ा संघर्ष में भी सरदार पटेल ने किसानों का साथ देकर अंग्रेजी हुकूमत की अन्यायपूर्ण नीतियों का विरोध किया था।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन देश, समाज और जनसेवा को समर्पित रहा। उन्होंने 562 रियासतों का विलय कर भारत को अखंड राष्ट्र के रूप में एकजुट किया। इसीलिए उन्हें सच्चे अर्थों में “भारत का लौह पुरुष” कहा जाता है।

इस अवसर पर कुमायूं युवा प्रेस क्लब के अध्यक्ष सौरभ गंगवार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गुरबाज सिंह, संरक्षक कमल श्रीवास्तव, मनीष ग्रोवर, ललित राठौर, बलवीर सिंह चौहान, सिमरप्रीत सिंह, बादल गंगवार, रामबाबू, ज्ञान श्रीवास्तव सहित अनेक पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *